एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले में आने वाले व्यापारियों ने अपनी मांगों और समस्याओं को सरकार व जिला प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से स्थानीय व्यापार मंडलों की तर्ज पर लवी मेला व्यापार मंडल का गठन किया है।
गठित व्यापार मंडल में अमरनाथ बुशहरी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया, जबकि अब्दुल सलाम को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। चंद्रमोहन को महामंत्री और अमीचंद गौतम को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त सोनू भलूनी, सविता और मंजूर अहमद को उपप्रधान चुना गया। महेंद्र सिंह, हेमराज और विनय को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। अमर शर्मा और प्रिंस शर्मा को मुख्य सलाहकार, जबकि अभिषेक महाजन, टाशी, शांति बौद्ध और संदीप शर्मा को सह-सलाहकार चुना गया। संदीप शर्मा को कानूनी सलाहकार नियुक्त किया गया है। कुमार ठाकुर को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
नवनियुक्त अध्यक्ष अमरनाथ बुशहरी ने कहा कि लवी मेले में आने वाले व्यापारियों को एकजुट करने के लिए व्यापार मंडल का गठन समय की जरूरत बन गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि हर वर्ष व्यापारियों का शोषण किया जाता है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मेलों में व्यापारियों को एक माह तक कारोबार की अनुमति दी जाती है, लेकिन रामपुर में पहले दिन से ही व्यापारियों के खिलाफ आवाज उठने लगती है। भविष्य में इन सभी मुद्दों को जिला प्रशासन के समक्ष पहले ही स्पष्ट रूप से रखा जाएगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से संगठन को मजबूत करने के लिए सहयोग की अपील की।
