एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला रामपुर में व्यापारियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। पहले जहां प्रशासन ने सभी स्टॉल धारकों को 30 नवंबर की रात तक हर हाल में दुकानें खाली करने के निर्देश जारी किए थे, वहीं अब स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि व्यापारियों को लगभग एक सप्ताह और रुककर व्यापार जारी रखने की मौखिक अनुमति जैसी राहत मिली है। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मेला समिति के सचिव एवं उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने बीते दिनों स्पष्ट किया था कि स्टॉल और प्लॉट आवंटन केवल 30 नवंबर तक ही मान्य हैं और यह शर्त व्यापारियों को लिखित रूप से दी गई थी, जिसे उन्होंने स्वीकार भी किया था। प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी थी कि निर्धारित अवधि के बाद यदि कोई स्टॉल खाली नहीं मिलता है तो उसकी बिजली-पानी की आपूर्ति तत्काल बंद कर दी जाएगी। साथ ही स्टॉल को सील करने, सुरक्षा राशि जब्त करने और भविष्य के आवंटन पर प्रतिबंध जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।
अब व्यापारियों के बीच यह चर्चा है व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए उन्हें कुछ दिन और रुकने की राहत दी गई है। वहीं कई व्यापारी इसे सकारात्मक संकेत मान रहे हैं, क्योंकि मेले के अंतिम दिनों में व्यापार सामान्यतः बढ़ जाता है। इसके साथ ही, महीने की शुरुआत होने के चलते व्यापारियों को अच्छे व्यापार की उम्मीद रहती है और लाभ होने की संभावना भी बढ़ जाती है, इसलिए अतिरिक्त दिनों की अनुमति उनके लिए और भी फायदेमंद साबित हो सकती है।
मेला बढ़ाने की मांग को लेकर लवी मेला व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल कुछ दिन पूर्व एसडीएम रामपुर से भी मिला था और उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को उनके समक्ष रखा था। इसके बाद व्यापारियों में यह उम्मीद जगी थी कि प्रशासन उनकी परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें कुछ दिन और व्यापार करने की अनुमति प्रदान कर सकता है। मौखिक रूप से मिली इस संभावित राहत की सूचना से व्यापारियों में खुशी की लहर देखी जा रही है, हालांकि वे आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं ताकि निर्भय होकर अपने स्टॉल चला सकें।
