एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1, बिथल द्वारा वीरवार को हिन्दी पखवाड़ा (14–28 सितम्बर 2025) के उपलक्ष्य में अनुवाद एवं श्रुतलेखन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक सफल बनाया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को निर्धारित समय सीमा में दिए गए हिंदी और अंग्रेज़ी शब्दों का सटीक अनुवाद प्रस्तुत करना था। श्रुतलेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की सुनने और लिखने की दक्षता की परीक्षा ली गई, जिसमें उन्होंने उत्साह और लगन के साथ भाग लिया।
इस आयोजन का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में हिंदी भाषा के उपयोग को प्रोत्साहित करना, साथ ही कर्मचारियों में भाषाई दक्षता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था। हिन्दी पखवाड़ा जैसे आयोजनों से कार्यस्थल पर हिंदी के प्रयोग को बल मिलता है और यह राष्ट्रभाषा के प्रचार-प्रसार में सहायक सिद्ध होता है।