एआरबी टाइम्स ब्यूरो, निरमंड
हिमाचल किसान सभा लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित कमेटी नित्थर उपतहसील की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में प्रोजेक्ट प्रभावित किसानों के मुद्दों, स्थानीय समस्याओं और आगामी 26 नवंबर को निरमंड में प्रस्तावित प्रदर्शन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान सभा लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित कमेटी के महासचिव देवकी नंद, उपाध्यक्ष कपिल ठाकुर और रेखा ने कहा कि प्रोजेक्ट से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे अभी भी लंबित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार, प्रशासन और सतलुज जल विद्युत निगम (SJVN) ने प्रभावितों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना से लोगों को कई अपेक्षाएं थीं, लेकिन अब तक अधिकारों की प्राप्ति केवल किसान सभा के नेतृत्व में हुए संघर्षों का परिणाम है।
नेताओं ने बताया कि फाटी देहरा, गड़ेच और बायल क्षेत्र में वर्ष 2022-23 और 2023-24 के फसल नुकसान के सर्वे पूरे हो चुके हैं, लेकिन प्रभावित परिवारों को मुआवजा नहीं मिला है। ग्राम पंचायत नित्थर के मकानों में आई दरारों का सर्वे होने के बावजूद अब तक क्षतिपूर्ति नहीं दी गई। ग्राम पंचायत दुराह के वार्ड डवारच, मलथा और दूरह में समझौता होने के बावजूद सर्वे ना करवाने पर ग्रामीणों में गहरा रोष है।
किसान सभा ने मांग की कि जिन क्षेत्रों में सर्वे पूर्ण हो चुका है, वहां प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा दिया जाए, तथा जहां सर्वे लंबित है उसे शीघ्र पूरा कर उचित कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही परियोजना में जमीन देने वाले परिवारों को एकमुश्त राशि, स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं मनरेगा के तहत प्रभावित क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग भी दोहराई गई।
बैठक में रणजीत, निहाल चंद, रमेश, जोगिंदर, बीना शर्मा, ध्यान सिंह, कुंजी लाल, चुनी लाल, इंदिरा देवी, निशा, चेत राम, कमला, गोपी चंद, संदेश, जमुना शर्मा, मिलाप, पूर्ण चंद, लता देवी, पिंगला, पुष्पा, आशा, प्रकाश, कर्म चंद, राजेश सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
