एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के रामपुर तहसील अंतर्गत जुली गांव में मधुमक्खियों (रंगड़) के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोक चंद (उम्र 48 वर्ष), उनकी पत्नी मीना देवी और एक अन्य महिला संतू देवी, गांव के खेत में घास काट रहे थे। इस दौरान उन्होंने घास को एक पेड़ पर रखा, जहां मधुमक्खियों का छत्ता था। अचानक रंगड़ों ने हमला कर दिया और तीनों को काट लिया। स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत तीनों को उपचार हेतु M.G.M.S.C. खनेरी अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान कोक चंद की मौत हो गई। मृतक के शरीर पर रंगड़ों द्वारा डंक के निशान, शरीर पर नीलनुमा व लाल-लाल निशान पाए गए तथा मृतक के शरीर व मुंह पर सूजन पाई गई। डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक के शरीर पर रंगड़ों के डंक के कई निशान, सूजन व लाल-नीले निशान पाए गए, पर कोई बाहरी चोट नहीं थी।
वहीं पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसडीपीओ रामपुर नरेश शर्मा ने की है।
