एआरबी टाइम्स ब्यूरो
मंडी। जिला स्तरीय एनकोर्ड समिति की बैठक आज पुलिस लाइन मंडी में उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का मुख्य फोकस भांग और अफीम की अवैध खेती, नशा तस्करी की रोकथाम, तथा पंचायत क्षेत्रों में प्राकृतिक रूप से उगे कैनाबिस (भांग) के पौधों के उन्मूलन पर रहा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मंडी को नशा मुक्त जिला बनाने के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी, पंचायत प्रधान, सचिव, पटवारी या वन रक्षक अफीम या भांग की खेती की जानकारी छिपाता है, तो उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 47 और 32 के तहत FIR दर्ज की जाएगी।
✅ विशेष निर्देश:
सितम्बर के दूसरे पखवाड़े में पंचायत स्तर पर भांग उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा।
सरकारी परिसरों और सार्वजनिक भूमि से प्राकृतिक रूप से उगे भांग के पौधों को नष्ट किया जाएगा।
पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य होगी।
👮 पुलिस की रिपोर्ट:
बैठक में जिला पुलिस उपाधीक्षक सागर चंद्र ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक NDPS एक्ट के तहत:
900 ग्राम अफीम
736.296 ग्राम हेरोइन
44.051 किलोग्राम चरस
1,61,238 भांग के पौधे
1686 नशीली गोलियां जब्त की गई हैं।
इसके साथ ही 217 मामले दर्ज कर 337 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
🤝 विभागीय समन्वय:
हर विभाग एक नोडल अधिकारी नामित करेगा।
एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा ताकि पुलिस और विभागों में बेहतर तालमेल हो सके।
इस बैठक में पुलिस, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, वन विभाग, शिक्षा, खेल, तकनीकी शिक्षा, सामाजिक न्याय और कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।