एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नशा तस्करी से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने जेल में बंद पति को चिट्टा (हेरोइन) पहुंचाने के इरादे से जिला कारागार पहुंच गई। हालांकि, जेल प्रशासन की सतर्कता के कारण उसकी यह कोशिश नाकाम हो गई। तलाशी के दौरान महिला के पास से 1.3 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना वीरवार दोपहर की है। मंडी जिला कारागार में कैदियों से मिलने का निर्धारित समय चल रहा था। इसी दौरान सुनीता नाम की महिला अपने पति सूरज कुमार शर्मा से मिलने जेल पहुंची। सूरज कुमार शर्मा मंडी जिले के बागाचनोगी डाकघर क्षेत्र का रहने वाला है और वह पहले से ही चिट्टा तस्करी के एक मामले में जेल में बंद है।
कपड़ों में छिपाकर लाई गई थी नशे की खेप
बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान महिला ने कपड़ों के माध्यम से एक संदिग्ध सफेद पदार्थ जेल के अंदर भेजने का प्रयास किया। लेकिन ड्यूटी पर तैनात जेल कर्मचारियों को महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद सुरक्षा जांच की गई। जांच के दौरान कपड़ों में छिपाकर लाया गया सफेद रंग का पाउडर बरामद हुआ। जेल प्रशासन ने बरामद पदार्थ की जांच की तो वह चिट्टा (हेरोइन) प्रतीत हुआ। बाद में उसका वजन किया गया, जो करीब 1.3 ग्राम पाया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला अपने पति की नशे की लत को पूरा करने के लिए जेल के अंदर चिट्टा पहुंचाने का प्रयास कर रही थी।
पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला को चिट्टा कहां से मिला और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी इसमें शामिल है। यदि जांच में किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर, जेल प्रशासन का कहना है कि जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। नियमित जांच और सतर्कता के कारण ही इस मामले में समय रहते नशा बरामद कर लिया गया।
ये भी पढ़ें
Shimla : कविंद्र गुप्ता बने हिमाचल के नए राज्यपाल, शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना की जिम्मेदारी
