एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू । धार्मिक पर्यटन स्थल मणिकर्ण में शनिवार देर रात भीषण आग की एक घटना सामने आई। आधी रात को अचानक उठी लपटों ने कुछ ही मिनटों में दो मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला और दोनों मकान देखते ही देखते राख के ढेर में बदल गए।
जानकारी के मुताबिक, आधी रात को पड़ोसियों ने मकानों से धुआं और आग की तेज लपटें उठते देखीं। लोगों ने तुरंत शोर मचाया और आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने बाल्टियों और पाइपों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी, लेकिन आग का फैलाव तेज होने के कारण वे लपटों को नियंत्रित नहीं कर पाए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मणिकर्ण की ओर रवाना हुई। मौके पर पहुंचने के बाद कर्मचारी ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गए। लगातार प्रयासों के बाद रात करीब 1:00 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, लेकिन मकानों को नहीं बचाया जा सका।
कुछ नहीं बचा पाए प्रभावित परिवार
आग लगने से चुन्नीलाल और भागचंद के मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। दोनों परिवारों का घरेलू सामान, जरूरी दस्तावेज, फर्नीचर और कपड़े सहित सब कुछ आग में नष्ट हो गया। अचानक हुए इस हादसे ने दोनों परिवारों को पूरी तरह बेघर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी रूप से रहने और भोजन की व्यवस्था की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक आशंका है कि यह घटना विद्युत शॉर्ट-सर्किट के कारण हुई होगी। फिलहाल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
