एआरबी टाइम्स ब्यूरो
चंबा। जिला चंबा में मणिमहेश यात्रा 2025 पर गए श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू स्वयं इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं और लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, आज जिला प्रशासन चंबा ने भरमौर से लगभग 500 श्रद्धालुओं को सुरक्षित चंबा लाने का कार्य शुरू किया। कुछ स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण श्रद्धालुओं को पैदल सफर भी करना पड़ रहा है, लेकिन उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु रास्ते में निशुल्क भोजन, पानी, ट्रांसपोर्ट और आवश्यक सहायता की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी को असुविधा न हो।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद, 35 बीमार और बुजुर्ग श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर से चंबा लाया गया। इसके लिए आज सात हवाई उड़ानें संचालित की गईं। हालांकि वायुसेना का MI-17 हेलीकॉप्टर पठानकोट में तैनात है, लेकिन खराब मौसम के चलते उड़ान संभव नहीं हो पाई।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी खुद मौके पर मौजूद रहकर इस रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। वह पैदल चलकर चंबा से भरमौर पहुंचे और दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में लगे हुए हैं। प्रदेश सरकार ने दोहराया है कि वह राज्यवासियों और यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है और लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
