एआरबी टाइम्स ब्यूरो | बिलासपुर
राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले के दौरान इस वर्ष भी मिस कहलूर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता तीसरी बार आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य जिला की प्रतिभाशाली युवतियों को मंच प्रदान करना है। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 17 से 23 मार्च तक लुहणू मैदान बिलासपुर में आयोजित होगा।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर की 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग की युवतियां भाग ले सकेंगी। इसके लिए 15 मार्च को ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। ऑडिशन का आयोजन बहुउद्देशीय सांस्कृतिक कला परिसर बिलासपुर में किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागियों को 15 मार्च को सुबह 9:30 बजे तक परिसर में पहुंचना होगा। ऑडिशन में चयनित प्रतिभागियों के लिए 16 मार्च से ग्रूमिंग सेशन आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में प्रतिभागियों को मंच प्रस्तुति, व्यक्तित्व विकास और अन्य जरूरी पहलुओं से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पहले स्थान पर रहने वाली प्रतिभागी को 31 हजार रुपये इनाम
प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 31 हजार रुपये, द्वितीय स्थान को 21 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। उपायुक्त ने जिला की युवतियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और नलवाड़ी मेले की सांस्कृतिक गरिमा को और समृद्ध बना सकें।
