एआरबी टाइम्स ब्यूरो
सोलन। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा डेजी ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मध्यम वर्गीय परिवारों को जीएसटी में ऐतिहासिक सुधार करके एक बड़ा तोहफ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश की टैक्स प्रणाली जटिल और बोझिल थी, जिससे आम आदमी, खासकर मध्यम वर्गीय परिवार बुरी तरह प्रभावित होते थे। लेकिन अब जीएसटी दरों में कटौती, सरलता और तार्किकता लाकर सरकार ने एक बड़ा बदलाव प्रस्तुत किया है।
उन्होंने बताया कि आज भारत की जीडीपी में खपत लगभग 202 लाख करोड़ रुपये है। यदि इन सुधारों के बाद खपत में केवल 10% की वृद्धि होती है, तो यह 20 लाख करोड़ रुपये के अतिरिक्त उत्पादन और रोजगार को जन्म देगा। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने पहले 12 लाख तक की आय पर इनकम टैक्स में राहत देकर मध्यम वर्ग को संबल दिया था, और अब जीएसटी सुधार के ज़रिए फिर से यह साबित किया है कि उनकी प्राथमिकता आम जनता है।”
आगे कहा कि जीएसटी दरों में कमी का सीधा लाभ हर घर को मिलेगा। टेलीविज़न, फ्रिज, मोबाइल फोन, पावर बैंक, डिशवॉशर, माइक्रोवेव ओवन और सोलर पैनल जैसे घरेलू उपकरणों पर टैक्स घटाया गया है। इसके अलावा, रोटी, कपड़ा और मकान से जुड़े उत्पादों पर भी टैक्स का बोझ कम हुआ है। यह हर भारतीय परिवार के लिए राहत की सांस लेने जैसा है। अंत में, उन्होंने कहा कि यह सुधार न केवल करदाताओं के लिए लाभकारी है, बल्कि देश की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करने वाला कदम है।
