एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के शिमला दौरे के दौरान दिए गए बयानों को भ्रामक और तथ्यों से परे बताया है। उन्होंने कहा कि नड्डा को सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करना चाहिए कि केंद्र सरकार ने किस योजना और किस मद के तहत हिमाचल प्रदेश को कितनी आर्थिक सहायता दी है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि शिमला में नड्डा की ओर से दिया बयान झूठ का पुलिंदा हैं। सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार ने आपदा राहत के नाम पर अब तक हिमाचल प्रदेश को एक रुपया भी जारी नहीं किया है। तीन महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से घोषित 1500 करोड़ रुपये की आपदा राहत राशि आज तक प्रदेश सरकार को प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रदेश में तथाकथित डबल इंजन सरकार रही, लेकिन उस दौरान भी भाजपा के दावे पूरी तरह खोखले साबित हुए। भाजपा शासनकाल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई और जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा।
बोले – केंद्र से 1500 करोड़ रुपये दिलवाएं नड्डा
उन्होंने कहा कि भले ही जगत प्रकाश नड्डा बार किसी अन्य राज्य से राज्यसभा पहुंचे हों, लेकिन उनकी कर्मभूमि हिमाचल प्रदेश ही रही है। ऐसे में उन्हें आपदाग्रस्त प्रदेश की पीड़ा समझते हुए प्रधानमंत्री की ओर से घोषित 1500 करोड़ रुपये की राहत राशि तुरंत जारी करवानी चाहिए। उनके शिमला दौरे को राजनीतिक करार देते हुए विनय कुमार ने कहा कि केंद्रीय मंत्री होने के बावजूद उन्होंने प्रदेश को न तो कोई ठोस आश्वासन दिया और न ही कोई वास्तविक मदद। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है और पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को कोई विशेष सहायता नहीं दी गई, जबकि भाजपा सांसद झूठे आंकड़े पेश कर जनता को गुमराह करते रहे हैं।
और पढ़ें : >> वित्तीय सहायता में केंद्र ने नहीं छोड़ी कोई कमी, धन खर्च करने में फेल रही हिमाचल सरकार : नड्डा
