एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
देश की सबसे बड़ी भूमिगत जल विद्युत परियोजना, एसजेवीएन के 1500 मेगावॉट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन ने नवंबर 2025 में 331.214 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन कर एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। यह आंकड़ा नवंबर माह में अब तक का दूसरा सर्वाधिक मासिक उत्पादन है, जिसने वर्ष 2011-12 में दर्ज 323.7 मिलियन यूनिट के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।हालांकि नवंबर माह में सर्वोच्च मासिक उत्पादन का रिकॉर्ड 408.909 मिलियन यूनिट है, जो वर्ष 2010-11 में दर्ज किया गया था, लेकिन इस वर्ष का प्रदर्शन एनजेएचपीएस के लगातार उत्कृष्ट संचालन का प्रमाण है।
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने इस उपलब्धि पर एनजेएचपीएस की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि कर्मचारियों की समर्पित कार्यशैली व तकनीकी दक्षता ने इस लक्ष्य को संभव बनाया है। निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने भी टीम को शुभकामनाएं देते हुए इसे एसजेवीएन के बढ़ते योगदान का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने एसजेवीएन प्रबंधन के मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय सभी कर्मचारियों की कठिन मेहनत, प्रतिबद्धता और उन्नत तकनीकी दक्षता को देते हुए विशेष रूप से संचालन एवं अनुरक्षण इकाई तथा नाथपा बांध प्रबंधन दल की भूमिका की सराहना की।
उनके अनुसार, संचालन टीम की सतर्कता, टीम वर्क और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हो सकी है। एनजेएचपीएस की यह सफलता राष्ट्र की ऊर्जा-स्वावलंबन यात्रा में एक और मजबूत कदम साबित हुई है।
