एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश के सबसे बड़े 1500 मेगावाट क्षमता वाले भूमिगत नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यह समारोह बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं भारत की आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों, अर्धसैनिक बलों एवं पुलिस कर्मियों को भी नमन किया गया। साथ ही परियोजना के निर्माण एवं संचालन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी कर्मचारियों के परिश्रम और बलिदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री राजीव कपूर ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू होने के साथ ही देश के नागरिकों को उनके मौलिक अधिकार प्राप्त हुए और इसी कारण गणतंत्र दिवस हमारे लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। तिरंगा फहराते समय उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रभक्ति और गर्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
उन्होंने कहा कि देश के चहुंमुखी विकास में विद्युत क्षेत्र की अहम भूमिका है और नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रहा है। परियोजना ने 18 जनवरी 2026 को दूसरी सबसे तेज़ 7000 मिलियन यूनिट ऊर्जा उत्पादन का रिकॉर्ड स्थापित कर 26 जनवरी 2025 को बने अपने पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
इसके अतिरिक्त नवंबर 2025 में स्टेशन ने 331.214 मिलियन यूनिट का दूसरा सर्वाधिक मासिक विद्युत उत्पादन दर्ज किया, जो वर्ष 2011-12 के रिकॉर्ड से अधिक है। हालांकि नवंबर माह का अब तक का सर्वोच्च उत्पादन 408.909 मिलियन यूनिट (वर्ष 2010-11) रहा है। 29 नवंबर 2025 को परियोजना ने 6612 मिलियन यूनिट डिज़ाइन ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य भी सफलतापूर्वक प्राप्त किया, जिससे 1 दिसंबर 2024 को बना पिछला रिकॉर्ड टूट गया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि निगम की सबसे बड़ी सौर परियोजना — 1000 मेगावाट बीकानेर सोलर परियोजना — ने 24 दिसंबर 2025 को अपनी कमर्शियल ऑपरेशन डेट (COD) प्राप्त कर ली है, जिससे प्रतिवर्ष 2455 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन होगा। वहीं 1320 मेगावाट बक्सर थर्मल परियोजना की पहली 660 मेगावाट इकाई ने 14 नवंबर 2025 को COD हासिल की, जिसका उद्घाटन 22 अगस्त 2025 को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था।
अंत में परियोजना प्रमुख ने नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की इन उपलब्धियों के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, हिमाचल प्रदेश सरकार, राज्य की विभिन्न एजेंसियों, विद्युत मंत्रालय एवं निगम प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
