एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
Himachal Cement Price Hike : हिमाचल प्रदेश में नववर्ष 2026 की शुरुआत के साथ ही आम जनता को महंगाई का झटका लगा है। प्रदेश की प्रमुख सीमेंट कंपनियों ने सीमेंट के दामों में पांच रुपये प्रति बैग की बढ़ोतरी कर दी है। बढ़े हुए ये नए रेट आज से लागू हो गए हैं। इसके साथ ही सरिया के दामों में भी तेज उछाल दर्ज किया गया है, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार एसीसी सुरक्षा सीमेंट, जो पहले 390 रुपये प्रति बैग बिक रहा था, अब 395 रुपये प्रति बैग हो गया है। एसीसी गोल्ड सीमेंट की कीमत 435 रुपये से बढ़कर 440 रुपये प्रति बैग पहुंच गई है। वहीं, अंबुजा सीमेंट के दाम 400 से बढ़कर 405 रुपये प्रति बैग कर दिए गए हैं। अल्ट्राटेक सीमेंट के दाम भी पांच रुपये बढ़ाए गए हैं और अब इसका एक बैग करीब 400 रुपये में मिल रहा है। सीमेंट के साथ-साथ सरिए के दामों में भी बीते एक सप्ताह में करीब 500 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है।
अब सरिया 5500 रुपये के बजाय लगभग 6000 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है। इससे मकान निर्माण, मरम्मत और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण का काम महंगा हो गया है। सीमेंट विक्रेताओं का कहना है कि कंपनियों की ओर से दाम बढ़ाने की सूचना मिल चुकी है और नए रेट तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
