एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुख्खू ने लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज, नेरचौक, मंडी में आईआरआईएस 2025 कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने घोषणा की कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में इसी वर्ष रोबोटिक सर्जरी शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री सुख्खू ने बताया कि एमआरआई मशीन लगाने के लिए 28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसे दो माह के भीतर स्थापित कर दिया जाएगा। इसके अलावा, राज्य सरकार ने कैथ लैब के लिए 12 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं, जिनमें से 9 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं। जल्द ही हिमाचल के सभी मेडिकल कॉलेजों में एआईएमएस दिल्ली की तर्ज पर एक ही ब्लड सैंपल से 100 टेस्ट करने की सुविधा शुरू की जाएगी। साथ ही, स्मार्ट डायग्नोस्टिक लैब के लिए 75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री सुख्खू ने पिछली सरकार पर राज्य का खजाना लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने खराब स्थिति में मिले मेडिकल कॉलेजों को एआईएमएस स्तर की तकनीक से अपग्रेड किया है। उन्होंने बताया कि रोबोटिक सर्जरी शिमला चमियाणा अस्पताल और टांडा मेडिकल कॉलेज में पहले ही शुरू हो चुकी है, जहां 45 ऑपरेशन रोबोट की मदद से सफलतापूर्वक किए गए। स्वास्थ्य क्षेत्र में टेक्नीशियन की कमी को दूर करने के लिए मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाई गई हैं और एमरजेंसी मेडिसिन विभाग में 38 पद स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने छात्रों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 5 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
अपने छात्र जीवन को याद करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राजनीति की शुरुआत छात्र जीवन से की थी और कभी सोचा नहीं था कि उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने छात्रों को मेहनत करने, असफलताओं से निराश न होने और सफलता के लिए प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
नेरचौक मेडिकल कॉलेज को 8.37 करोड़ रुपये के परियोजनाओं के साथ नया रूप
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंडी जिले 8.37 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने 5.98 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले छात्रावास का भी शिलान्यास किया।
इसके अलावा उन्होंने 80 लाख रुपये की लागत वाले स्टेट मिडवाइफरी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट और स्किल लैब का उद्घाटन किया। न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन सेंटर, जिसे 6 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किया गया, का भी उद्घाटन किया। इसी तरह, 76 लाख रुपये की लागत से पूर्ण कॉम्प्रिहेंसिव लैक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर और 23 लाख रुपये की लागत वाले एंडोस्कोपी यूनिट का भी उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक चंद्रशेखर, अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, प्रकाश चौधरी, पूर्व सीपीएस सोहन सिंह ठाकुर, राज्य कौशल विकास निगम समन्वयक अतुल कड़ोहता, एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, कांग्रेस नेता जगदीश रेड्डी, विजय पाल सिंह, जीवन ठाकुर, नरेश चौहान, लाल सिंह कौशल, पवन ठाकुर, चंपा ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
