एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नेरचौक में अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू हो गई है। इस नई सुविधा से मंडी और आसपास के जिलों के लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिलने में मदद मिलेगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रोबोटिक सर्जरी का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि अब मंडी के लोग जटिल सर्जरी के लिए दूर-दराज के बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करेंगे। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि हर नागरिक को सुरक्षित, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। सुक्खू ने कहा, पहले नेरचौक मेडिकल कॉलेज सिर्फ नाम मात्र का था, क्योंकि यहां MRI मशीन तक उपलब्ध नहीं थी। लोगों को जांच और इलाज के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। अब स्थिति बदल चुकी है। नेरचौक मेडिकल कॉलेज में अब विश्वस्तरीय रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत हो चुकी है। आने वाले समय में यहां थ्री-टेसला MRI मशीन और आधुनिक लैब सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। रोबोटिक सर्जरी तकनीक से ऑपरेशन अधिक सटीक, सुरक्षित और कम जोखिम वाला होगा। मरीजों को कम दर्द, तेज रिकवरी और बेहतर इलाज मिलेगा।
बोले- नेरचौक में एमआरआई मशीन तक नहीं लगा सके जयराम

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि मंडी से मुख्यमंत्री होने के बावजूद नेरचौक में MRI मशीन नहीं लगाई गई थी। अब एम्स दिल्ली की तर्ज पर नेरचौक मेडिकल कॉलेज विकसित किया जाएगा। सुंदरनगर से सड़क मार्ग के माध्यम से नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। उद्घाटन के बाद उन्होंने फैकल्टी मेंबरों के साथ बैठक की और संस्थान की भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री सुक्खू नाचन विधानसभा क्षेत्र के दियारगी पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और जनसभा को संबोधित किया।
