एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंड़ीगढ़
भारत सरकार की नवरत्न कंपनी एनएचपीसी लिमिटेड, जो देश में जलविद्युत ऊर्जा विकास की अग्रणी संस्था है, के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ ने 7 नवंबर, 2025 को सेक्टर 42-A के आवासीय परिसर में 51वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया।
इस अवसर पर कार्मिकों एवं उनके परिजनों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही महिलाओं, बच्चों और कर्मचारियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। वहीं अन्य आगंतुक विशिष्ट अतिथियों को भी कार्यपालक निदेशक द्वारा सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में कार्यपालक निदेशक ने कहा कि एनएचपीसी ने Concept से लेकर Commissioning तक जलविद्युत परियोजनाओं के कार्यान्वयन में उत्कृष्टता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि कंपनी ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्थानीय रोजगार एवं सामुदायिक विकास को सदैव प्राथमिकता दी है, जो निगम की सफलता और गौरव का आधार है।
