एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। भारत सरकार व निगम मुख्यालय, शिमला के दिशा-निर्देशों के अनुसार नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर परिषद रामपुर के सफाई कर्मचारियों के लिए एक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर नगर परिषद रामपुर, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र तथा आयुष विभाग रामपुर के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें नगर परिषद के लगभग 100 सफाई कर्मचारियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भाग लिया।
शिविर में डॉ. आदित्य (पीएचसी रामपुर), डॉ. ज्योत्सना शर्मा एवं डॉ. प्रदीप कुमार (आयुष विभाग रामपुर) ने सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की तथा आवश्यक दवाइयाँ भी वितरित की गईं।
शिविर में सफाई कर्मचारियों के ब्लड टेस्ट, लिपिड प्रोफ़ाइल, सीबीसी, आरएफटी, ,एलएफटी, विटामिन D, विटामिन B12, कैल्शियम, टीएफटी और फीवर प्रोफाइल टेस्ट भी किए गए। इसके साथ ही सभी सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता किट भी वितरित की गईं। इस शिविर से कुल 110 लोगों ने लाभ उठाया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने कहा कि “सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों की गरिमा बनाए रखना और उनके स्वास्थ्य का संरक्षण करना है।” शिविर में कार्यकारी अधिकारी बाबू राम तथा उप महाप्रबंधक (सीएसएआर) कौशल्या देवी भी उपस्थित रहीं।
