एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्यूरी में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) विशेष शिविर का समापन आज हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे हिमाचल प्रदेश उच्चतर शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त प्रवक्ता नारायण लक्टू, जबकि विशेष अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवराज नेगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य पदम बिष्ट ने की।
NSS कार्यक्रम अधिकारी श्री राकेश नेगी ने सात दिवसीय शिविर की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने स्वयंसेवियों द्वारा की गई विभिन्न गतिविधियों—स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जनजागरूकता रैली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों—के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुँचाने के प्रयासों की जानकारी दी।
मंच संचालन का दायित्व अंग्रेजी प्रवक्ता श्री सिकंदर बंसल ने अपनी प्रभावशाली शैली और उत्कृष्ट शब्दावली के साथ निभाया। इस अवसर पर ‘बेस्ट वॉलेंटियर (गर्ल)’ का खिताब वैशाली को और ‘बेस्ट वॉलेंटियर (बॉय)’ का खिताब अंकित शर्मा को प्रदान किया गया।
