एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पीजी कॉलेज रामपुर में नवनियुक्त एनएसयूआई अध्यक्ष कृष चौहान ने पदभार ग्रहण करते ही छात्रों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता बनाने की घोषणा की है। रामपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि कॉलेज परिसर में जल्द ही शिकायत बॉक्स स्थापित किया जाएगा, ताकि छात्र अपनी समस्याओं, सुझावों और शिकायतों को सीधे साझा कर सकें।
उन्होंने कहा कि परिसर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए हर माह सफाई अभियान चलाया जाएगा। ग्रीन कैंपस कार्यक्रम के तहत पौधारोपण व अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही एनएसयूआई द्वारा जल्द ही कॉलेज परिसर में रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा।
कृष चौहान ने कहा कि कॉलेज में रिक्त पड़े शिक्षकों और अन्य पदों को शीघ्र भरने की मांग सरकार व प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाई जाएगी, क्योंकि खाली पदों के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एनएसयूआई छात्रों की हर समस्या को प्राथमिकता के साथ कॉलेज प्रशासन, स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार तक पहुंचाएगी।
उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष अनिनंदन ठाकुर, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक नंद लाल और जिला कार्यकारिणी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि दिसंबर माह में एनएसयूआई की नई कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा और नवागंतुक छात्रों के मार्गदर्शन के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे।इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ता स्नेहा, साक्षी, तरुण और अभय भी मौजूद रहे।
