एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला किन्नौर के पालींगचे सड़क मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतिका की पहचान धनवती पत्नी अजीत सिंह, निवासी शोंग, जिला किन्नौर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे चालक जीवन सिंह पुत्र हीरपाल सिंह, निवासी घरशू तहसील निचार, जिला किन्नौर, टाटा पंच वाहन (एचपी-25ए-5008) लेकर करछम से सांगला की ओर जा रहा था। पालींगचे के समीप अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे वाहन सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार दो महिलाएं और दो पुरुष घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान धनवती ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों—जीवन सिंह, मोहन सिंह निवासी कामरू तथा कांता देवी निवासी शोंग—को प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी सांगला देवेंद्र नाथ ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं प्रशासन की ओर से मृतिका के परिजनों को 25 हजार रुपये तथा घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है।
