एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पेंशनर कल्याण संघ रामपुर की विशेष बैठक अध्यक्ष सुदामा राम मेहता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 17 दिसंबर को पद्म छात्र स्कूल रामपुर के सभागार में पेंशनर दिवस मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कमेटियों को कार्यक्रम की तैयारियों को गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत दिवंगत पेंशनरों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट के मौन से हुई। महासचिव कृष्ण कुमार ने बैठक का संचालन किया। अध्यक्ष सुदामा राम मेहता ने बताया कि पेंशनर दिवस कार्यक्रम में एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि और खंड विकास अधिकारी राजेंद्र नेगी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु वाले पेंशनरों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने सभी सदस्यों से कार्यक्रम में पूर्ण उपस्थिति का आह्वान किया। बैठक में यह भी बताया गया कि राज्य स्तरीय पेंशनर दिवस 17 दिसंबर को बिलासपुर के घुमारवीं में आयोजित होगा, जिसमें रामपुर से भी सदस्य भाग लेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा पेंशनरों के लिए दिए गए आश्वासनों—विशेषकर एक माह के भीतर मेडिकल बिलों की अदायगी—के लिए आभार व्यक्त किया गया। नए सदस्यों का स्वागत किया गया और पेंशनरों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इस मौके पर कोषाध्यक्ष केवल राम, दलीप राणा, मस्त राम वर्मा, हरदयाल, मोहन लाल, बी.आर. भंडारी, केवल राम सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
