एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश का दौरा कर बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की। पीएम मोदी ने चंबा, भरमौर, कांगड़ा सहित कई प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और कांगड़ा में उच्च स्तरीय बैठक में राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।
पीएम मोदी की बड़ी घोषणाएँ:
हिमाचल प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता।
मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत क्षतिग्रस्त घरों की जियोटैगिंग कर त्वरित सहायता।
राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत और ढांचे का जीर्णोद्धार।
किसानों के लिए पशुधन मिनी किट और जिनके पास बिजली कनेक्शन नहीं है उन्हें विशेष सहायता।
स्कूलों की क्षति का जियोटैगिंग, ताकि शिक्षा प्रभावित न हो।
जल संचयन और भूजल पुनर्भरण संरचनाओं का निर्माण।
एसडीआरएफ और पीएम किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त अग्रिम रूप से जारी।
प्रधानमंत्री मोदी ने आपदा में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और कहा कि केंद्र सरकार इस कठिन समय में हिमाचल सरकार के साथ खड़ी है।
उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और राज्य प्रशासन के त्वरित राहत कार्यों की सराहना की। केंद्र ने नुकसान का आकलन करने के लिए पहले ही एक अंतर-मंत्रालयी दल भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की सहायता तय की जाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत सरकार हिमाचल प्रदेश को हर संभव सहायता देगी और आपदा प्रबंधन नियमों के तहत सभी प्रकार का सहयोग जारी रहेगा।
