एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
दिल्ली दौरे से लौटने के बाद नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की राजनीति और आर्थिक स्थिति को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान हिमाचल के आर्थिक संकट पर विस्तार से चर्चा हुई और केंद्र से सहयोग मांगा गया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश दौरा जल्द प्रस्तावित है, जो राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। उनकी पीएम के साथ हर विषय पर बातचीत हुई है, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
कांग्रेस सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन का आरोप
विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार को प्रदेश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और इसके लिए सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। केंद्र सरकार पर पैसे रोकने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलना सौभाग्य की बात है और अगर मुख्यमंत्री सही तरीके से समय मांगें, तो उन्हें भी केंद्र से संवाद का अवसर मिल सकता है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर भी हमला करते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री से मिलने के लिए किसी की अनुमति लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हिमाचल आने के बावजूद स्थानीय नेताओं को मिलने का समय नहीं देते। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का रवैया ऐसा है जैसे वे सिर्फ सैलानी बनकर आते हैं और जनता से दूरी बनाए रखते हैं।
फिजूलखर्ची पर सवाल, जनता की अनदेखी का आरोप
प्रदेश में ड्रेस कोड लागू करने के फैसले पर भी जयराम ठाकुर ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले अपने नेताओं के आचरण और पहनावे पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार खजाना खाली होने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं की सरकारी खर्च पर मेजबानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विधायकों की खातिरदारी पर दो दिनों में करीब 30 लाख रुपये खर्च किए गए, जिसका जवाब सरकार को देना चाहिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकारी खजाने का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं की मेहमाननवाजी की जा रही है, जबकि आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
