एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला कुल्लू के निरमंड के रिवाड़ी स्थित राधे-राधे वेटरनरी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में लोहड़ी का पर्व उत्साह, उल्लास और पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ. मुकेश कुमार द्वारा लोहड़ी की पवित्र अग्नि प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के सभी छात्र-छात्राओं ने लोहड़ी की अग्नि में तिल, मूंगफली और रेवड़ी अर्पित करते हुए देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे परिसर को उल्लास से भर दिया। पारंपरिक गीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
छात्रों को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि लोहड़ी का पर्व आपसी भाईचारे, सकारात्मक सोच और नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोहड़ी की अग्नि हमारे भीतर की नकारात्मकता को समाप्त कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे एक कुशल वेटरनरी प्रोफेशनल बनने के साथ-साथ समाज सेवा, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को भी अपने जीवन में अपनाएं। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी को लोहड़ी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्थान की प्रबंध निदेशिका सरोज कुमारी, समन्वयक डॉ. निशू सहित समस्त टीचिंग एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ उपस्थित रहा।
