एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर जिला के निचार उपमंडल की ग्राम पंचायत सुंगरा में 16 लाख 50 हजार रुपए की राशि से निर्मित स्वागत द्वार भावानगर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उचित मांगों के शीघ्र निपटान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सल कार्टन, पुरानी पेंशन बहाली, उपेक्षित महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जमीन का मालिकाना हक जैसे फैसले सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाते हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विशेष रूप से जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के विकास पर ध्यान दे रही है। किसानों और बागवानों को लाभ पहुंचाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिससे लोगों की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हो सके। ग्राम पंचायत सुंगरा के प्रधान राकेश कुमार नेगी ने मंत्री का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।
इस मौके पर उपमंडलाधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान, डीएसपी राज कुमार, तहसीलदार अरुण कुमार, उपाध्यक्ष पंचायत समिति हरीश नेगी, जिला विकास अधिकारी प्यारे लाल नेगी, एसडीओ प्रेम चंद शर्मा, कांग्रेस आईटी सेल प्रभारी मनोज नेगी सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
