एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं में चार दिवसीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में बिलासपुर जिले के 25 से अधिक स्कूलों की 543 छात्राएं हॉकी, टेबल टेनिस, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, जुडो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, खो-खो और रेसलिंग में हिस्सा लेंगी।
मंत्री ने कहा कि विद्यार्थी केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहकर खेलकूद, कला, संस्कृति, वाद-विवाद और समाज सेवा जैसी गतिविधियों में भी भाग लें ताकि उनका जीवन संतुलित और सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने छात्राओं को कड़ी मेहनत और स्मार्ट वर्क के साथ सफलता हासिल करने का संदेश दिया।
राजेश धर्माणी ने महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक भूमिका पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां अब विज्ञान, प्रशासन, राजनीति, खेल और अन्य सभी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे नीतियां बना रही है जो बेटियों को आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से लैस करें।
हिमाचल सरकार शिक्षा पर बजट का लगभग 20 प्रतिशत खर्च कर रही है ताकि सभी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
इस अवसर पर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का सम्मान किया गया। अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ शिक्षकों और प्रधानाचार्यों ने भी इस आयोजन में भाग लिया।
