एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने रविवार को घुमारवीं में लोक निर्माण विभाग (PWD) और जलशक्ति विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारी बरसात से प्रभावित बंद सड़कों और पेयजल आपूर्ति योजनाओं को युद्ध स्तर पर बहाल किया जाए। मंत्री ने बताया कि घुमारवीं क्षेत्र में आपदा से लगभग 50–55 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें पीडब्ल्यूडी को 45–47 करोड़ और जलशक्ति विभाग को लगभग 8 करोड़ रुपये की क्षति हुई है।
मंत्री धर्माणी ने कहा कि क्षेत्र की अधिकतर सड़कें छोटे वाहनों के लिए खोल दी गई हैं, जबकि 4–5 सड़कें अभी भी बड़े वाहनों के लिए बंद हैं। उन्होंने जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए। जलशक्ति विभाग की समीक्षा में उन्होंने बताया कि घुमारवीं मंडल के तहत 61 पेयजल योजनाओं में से 56 को आंशिक या पूरी तरह बहाल कर दिया गया है। शेष योजनाओं पर काम जारी है। साथ ही, भारी बारिश से प्रभावित सीवरेज योजना भी अगले तीन से चार दिन में सुचारू हो जाएगी। मंत्री ने मौके पर घुमारवीं-सुन्हाणी-बरठीं सड़क का निरीक्षण किया और तत्काल बहाली के आदेश दिए। इसके अलावा उन्होंने घुमारवीं विश्राम गृह में जनता की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए।
