एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रक्तदान सेवा परिवार सोसाइटी रामपुर अपने 8वें स्थापना दिवस का भव्य आयोजन 21 सितंबर को पदम् वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रामपुर के सभागार में कर रहा है। इस खास अवसर पर आसपास के 25 स्कूलों के स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम रामपुर, हर्ष अमरेंद्र सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा। विशेष रूप से अस्पताल प्रभारी डॉ. रोशन लाल कौंडल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग शक्ति सिंह नेगी, डॉ. पदम शर्मा, डॉ. संदीप नेगी और पदम वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश परमार को आमंत्रित किया गया है।
इस बार सोसाइटी उन करीब 40 दानी सज्जनों को भी विशेष सहयोग पुरस्कार प्रदान करेगी जिन्होंने एम्बुलेंस खरीद में सहयोग किया। पिछले वर्ष सोसाइटी ने कम दामों पर मरीजों को एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने के लिए एक योजना शुरू की थी, जिसे मात्र 21 दिनों में आवश्यक सहयोग राशि इकट्ठा कर सफल बनाया गया। आज सोसाइटी की एम्बुलेंस सेवा रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में सस्ती और भरोसेमंद सेवा प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम में रामपुर के विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। इस समारोह में 400 से अधिक मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। सोसाइटी के सदस्य इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।