एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने सोमवार को जिला मुख्यालय के रामलीला मैदान से जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। यह अभियान 15 से 30 जून, 2025 तक जनजातीय समुदायों के विकास और कल्याण को समर्पित रहेगा।
डॉ. शर्मा ने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी पहल आदिवासी क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम है। इस अभियान के तहत आधार नामांकन, आयुष्मान भारत, पीएम-किसान, जन-धन योजना समेत अनेक योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
अभियान में भगवान बिरसा मुंडा की गौरवशाली विरासत को भी याद किया जाएगा। जिले भर में विभिन्न विभागों द्वारा विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम जनता को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र नागरिकों का पंजीकरण और लाभ वितरण भी किया जाएगा।
अभियान में ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, कौशल विकास, आईटी, पशुपालन, पर्यटन, टेलीकॉम, आयुष और जनजातीय मामलों समेत कई विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।