एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। लद्दाख से ताल्लुक रखने वाले नवांग त्सेरिंग ने सिल्क रूट अल्ट्रा ट्रेल रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 किलोमीटर लंबी दूरी को 15 घंटे 31 मिनट में पूरा कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह रेस पुराना हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग पर आयोजित की गई थी।
पिछले वर्ष यही रेस लद्दाख के ही रिंग जोन गुरमें ने 19 घंटे से अधिक समय में पूरी की थी, जिसे नवांग ने इस बार के अपने प्रदर्शन से पीछे छोड़ दिया।
रेस की शुरुआत नारकंडा से हुई और यह सराहन में रविवार सुबह 6 बजकर 18 मिनट पर संपन्न हुई। जीत के बाद नवांग ने कहा, “यह एक बेहद कठिन ट्रैक था। मौसम की बार-बार खराबी से लग रहा था कि शायद रेस पूरी नहीं हो पाएगी, लेकिन मैंने ठान लिया था कि इस बार रिकॉर्ड तोड़ना है और जीत हासिल करनी है।” नवांग पूर्व में थाईलैंड में आयोजित 93 किलोमीटर की रेस में भी हिस्सा ले चुके हैं।
रेस के दौरान 102 किलोमीटर की दूरी पूरी करने वाले सभी छह एथलीटों ने आगामी विश्व पर्वतीय और ट्रेल रनिंग चैंपियनशिप 2025 के लिए क्वालिफाई कर लिया है, जो 25 से 28 सितंबर तक स्पेन के कैनफ्रैंक-पिरिनियोस में आयोजित होगी।
विभिन्न वर्गों में विजेताओं की सूची:
102 किमी अल्ट्रा ट्रेल: स्वर्ण: नवांग त्सेरिंग, रजत: विशाल शंकर वलावी, कांस्य: शशवत राव, 55 किमी (पुरुष वर्ग): स्वर्ण: स्टेंजिंग वांगचुक, रजत: अंकुर कुमार,कांस्य: देशराज, 55 किमी (महिला वर्ग): स्वर्ण: तेनजिन डोलमा, रजत: नामग्याल ल्हामो, 30 किमी (पुरुष वर्ग): स्वर्ण: देवेंद्र कुमार, रजत: कृष्णा राज, कांस्य: योगेंद्र, 30 किमी (महिला वर्ग): स्वर्ण: नताशा मेहर, रजत: देबास्मिता रथ, 13 किमी (लेज़र रन) अंडर-18 बालक वर्ग: स्वर्ण: दिव्यांश जगटा, रजत: कर्ण तेनजिन, कांस्य: शुभम ठाकुर, अंडर-18 बालिका वर्ग: स्वर्ण: सोनिया चौहान, रजत: स्टेज़िन नंगसल, कांस्य: पल्लवी, व्यस्क पुरुष वर्ग: स्वर्ण: डेविड कुमार, रजत: अतुल चौहान, कांस्य: रिगजिन दोरजे, व्यस्क महिला वर्ग में स्वर्ण: नंदिता बायन, रजत: राखी शर्मा, कांस्य: रिया ने प्राप्त किया। इस आयोजन ने न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित किया, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों में साहसिक खेलों की संभावनाओं को भी उजागर किया।