एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
लायंस क्लब शिमला ने महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर, खनेरी को 10 स्ट्रेचर दान किए। ये स्ट्रेचर आपात स्थिति में मरीजों की सुविधा के लिए उपयोग में आएंगे। लायन गोपाल वैद्य ने बताया कि अस्पताल की मांग के अनुसार ये स्ट्रेचर क्लब द्वारा दान किए गए। इनकी कुल कीमत लगभग 85,000 रुपये है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की मौजूदगी में स्ट्रेचर वितरित किए गए। मंत्री ने लायंस क्लब की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की और क्लब का आभार व्यक्त किया। लायंस क्लब के जोनल चेयरमैन मनमोहन वर्मा ने कहा कि क्लब हमेशा ऐसे अवसरों की तलाश में रहता है, जहां वह समाज की सहायता कर सके। उन्होंने यह भी बताया कि क्लब ऐसे लोगों को अपने साथ जोड़ना चाहता है जो समाज को कुछ लौटाना चाहते हैं। सभी सदस्य मिलकर समाज को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर लायंस क्लब की ओर से लायन ओ.पी. मेहता, के.आर. शर्मा, अनिल, के.सी. शर्मा, संजीव, देविंदर मित्तल, प्रदीप आदि उपस्थित रहे।
