एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर की ग्राम पंचायत कुहल के गांव तलाई की रहने वाली धर्मदासी पत्नी ताराचंद (उम्र लगभग 56 वर्ष) की समय पर उपचार न मिलने के कारण मौत हो गई। जानकारी के अनुसार महिला सोमवार को अपने खेत में काम कर रही थीं, तभी अचानक पैर फिसलने से वह गहरी खाई में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवठी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तकलेच लेकर पहुंचे, लेकिन दोनों जगह चिकित्सक मौजूद न होने के कारण समय पर उपचार नहीं मिल पाया। इसके बाद परिजन महिला को खनेरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार शुरू होने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई।
पूर्व भाजपा प्रत्याशी कौल सिंह नेगी और भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि परिजनों के अनुसार यदि महिला को समय पर प्राथमिक उपचार मिल जाता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने इस घटना को लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। भाजपा नेताओं ने कहा कि जिस क्षेत्र से विधायक स्वयं आते हैं, वहां यदि स्वास्थ्य सुविधाओं की यह स्थिति है तो आम जनता आखिर कहां जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक के ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और अस्पतालों में डॉक्टरों की अनुपस्थिति आम बात बन चुकी है।
भाजपा नेताओं ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को तुरंत दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की पीड़ा न झेलनी पड़े।
