एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर जल विद्युत परियोजना ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 08 दिसंबर को सायं 18:25:25 बजे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अपनी 1878.08 मिलियन यूनिट की डिज़ाइन एनर्जी प्राप्त कर ली है। यह उपलब्धि स्टेशन के इतिहास में अब तक की सबसे तेज़ है। इससे पहले यह रिकॉर्ड FY 2019-20 में 15 दिसंबर 2019 को हासिल किया गया था। यह ऐतिहासिक सफलता सितंबर, अक्टूबर और नवंबर 2025 के दौरान लगातार तीन महीनों के उत्कृष्ट विद्युत उत्पादन का परिणाम है, जो परियोजना की उच्च दक्षता और मजबूत संचालन क्षमता को दर्शाता है।
इस अवसर पर एसजेवीएन के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक भूपिंद्र गुप्ता तथा निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। CMD ने टीम रामपुर को इस असाधारण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके निरंतर प्रयासों और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार की निष्ठा, गुणवत्ता और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण से भविष्य में भी नए मानदंड स्थापित किए जाएंगे। निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने भी पूरी परियोजना टीम को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और भी बड़े कीर्तिमान स्थापित करने की आशा व्यक्त की।
इस उपलब्धि पर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने एसजेवीएन प्रबंधन के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास, परिचालन अनुशासन, सुदृढ़ अनुरक्षण प्रणाली और दैनिक चुनौतियों का प्रभावी समाधान करने का प्रतिफल है। रामपुर जल विद्युत परियोजना देश को विश्वसनीय और स्वच्छ ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने में अपनी अहम भूमिका निभाती रहेगी तथा भविष्य में और भी ऊँचे लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
