एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर जल विद्युत परियोजना, बायल में 77वाँ गणतंत्र दिवस गरिमापूर्ण एवं उल्लासमय वातावरण में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ परियोजना प्रमुख विकास मारवाह द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। इसके पश्चात सीआईएसएफ तथा हिमपैस्को के जवानों ने अनुशासित एवं प्रभावशाली परेड प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत ने एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में अपनी ऐतिहासिक यात्रा आरंभ की, जो आज भी हमें कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं राष्ट्रहित में सतत कार्य करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है, जो देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।
अपने संबोधन में उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रामपुर एचपीएस ने वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान 08 दिसंबर 2025 को 1878.08 मिलियन यूनिट की सर्वाधिक तीव्र डिज़ाइन एनर्जी उत्पादन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही उत्कृष्ट सुरक्षा प्रदर्शन के लिए परियोजना को वर्ष 2025 के एनएससी सेफ्टी अवार्ड के अंतर्गत ‘सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया गया है।
परियोजना प्रमुख ने सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, जल संरक्षण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों की भी जानकारी दी तथा कर्मचारियों, संविदाकर्मियों एवं स्थानीय समुदायों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर रामपुर जल विद्युत परियोजना में आंतर-विभागीय समूहगान प्रतियोगिता “तिरंगा” का आयोजन किया गया, जिसमें रामपुर एचपीएस के कर्मचारियों, महिला क्लब सदस्यों एवं सीआईएसएफ कार्मिकों सहित कुल 08 टीमों ने भाग लिया। देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर परियोजना प्रमुख द्वारा विजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
