एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर के उपमंडल कार्यालय में शनिवार को उपमंडलाधिकारी हर्ष अमरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय लवी मेला, जिला स्तरीय फाग मेला रामपुर, जिला स्तरीय दशहरा मेला सराहन तथा जिला स्तरीय देवता साहिब लक्ष्मी नारायण मेला नोगली से संबंधित कॉफी टेबल बुक के प्रकाशन की तैयारियों पर चर्चा करना था।
भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में इन प्रमुख मेलों एवं त्योहारों की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक जानकारी के व्यवस्थित संकलन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि मेलों के इतिहास, आयोजन की परंपराओं, सांस्कृतिक गतिविधियों, विशेष आकर्षणों, आगंतुकों की संख्या तथा अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं को कॉफी टेबल बुक में शामिल किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तथ्यात्मक जानकारी और उच्च गुणवत्ता के छायाचित्र उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए।
उपमंडलाधिकारी ने कहा कि कॉफी टेबल बुक के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और धार्मिक आयोजनों को व्यापक पहचान मिलेगी, जिससे पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, मंदिर ट्रस्ट, मेला समितियों और अन्य हितधारकों से निर्धारित समयावधि में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
देव संस्कृति से जुड़े लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यदि मेलों के पौराणिक इतिहास, लोक मान्यताओं या पारंपरिक विवरण से संबंधित कोई महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो तो उसे प्रशासन के साथ साझा करें, ताकि प्रकाशन को अधिक प्रामाणिक और समृद्ध बनाया जा सके।
बैठक में वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद रामपुर बीआर नेगी, मंदिर अधिकारी रामपुर बालक राम, मेला समितियों के पदाधिकारी गंगा सिंह एवं कृष्ण गोपाल सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
