एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत शहर के सभी वार्डों में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से घर-घर स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाना तथा कूड़ा-कचरा प्रबंधन प्रणाली को अधिक प्रभावी करना है।
सर्वेक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाएं प्रत्येक घर में जाकर स्वच्छता संबंधी जानकारी एकत्र करेंगी। साथ ही नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने तथा निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने के प्रति जागरूक करेंगी।
अभियान के तहत घर-घर जाकर नागरिकों को स्वच्छता ऐप डाउनलोड करवाया जा रहा है और उसके उपयोग की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि लोग स्वच्छता संबंधी शिकायतें और सुझाव सीधे दर्ज कर सकें।
कार्यकारी अधिकारी B. R. Negi ने बताया कि सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शहर की स्वच्छता व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सर्वेक्षण दल को पूर्ण सहयोग दें और स्वच्छ एवं स्वस्थ रामपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
