एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
ठाकुर सत्यनारायण (कपूरिया) मंदिर न्यास, रामपुर 12वाँ निशुल्क आँखों का कैंप 28 फरवरी को आयोजित किया जा रहा है। इस कैंप में रोटरी आईज फाउंडेशन अस्पताल, मारान्डा (पालमपुर) के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ सेवाएं प्रदान करेंगे।
कैंप के दौरान 28 फरवरी को मरीजों की आँखों की जाँच की जाएगी। जाँच में चिन्हित जरूरतमंद मरीजों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन 01 मार्च को किए जाएंगे। ऑपरेशन के बाद मरीजों को मंदिर परिसर में ही भर्ती रखा जाएगा, जहाँ उनके रहने और खाने की पूरी व्यवस्था मंदिर न्यास द्वारा निःशुल्क की जाएगी।
02 मार्च को पुनः जाँच के बाद मरीजों को छुट्टी दी जाएगी। यह कैंप पूर्णतः निशुल्क रहेगा और किसी भी मरीज से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। रहने-खाने के साथ-साथ ऑपरेशन, लेंस एवं दवाइयों का पूरा खर्च भी मंदिर न्यास द्वारा वहन किया जाएगा। इस बात की जानकारी देते न्यास के सचिव विनय शर्मा ने बताया कि कैंप का लाभ 50 वर्ष से अधिक आयु के आर्थिक रूप से जरूरतमंद लोग उठा सकते हैं। मंदिर न्यास क्षेत्र के सभी पात्र नागरिकों से आग्रह करता है कि वे इस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ।
