एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नाैर
जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांग पिओ स्थित उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आज कल्पा तहसील में आयोजित होने वाले राऊलाने उत्सव तथा सांगला तहसील में मनाए जाने वाले होली उत्सव की तैयारियों को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की।
उपायुक्त ने दोनों उत्सवों के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्सवों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने पर्यटकों व आगंतुकों के लिए पर्याप्त आवास व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य व स्वच्छता सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
बैठक में स्थानीय व पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों व सांस्कृतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रचार-प्रसार व सूचना व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, जिला कार्यक्रम अधिकारी जय कुमार गुप्ता, उपनिदेशक प्रारंभिक डॉ. अरुण गौतम, सांगला ग्राम पंचायत की प्रधान देव सांकी नेगी, कल्पा ग्राम पंचायत की प्रधान सरिता देवी, उपप्रधान कल्पा पंचायत राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
