एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला के दौरान रामपुर बुशहर में ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। एनएच-5 पर लंबे समय से खड़े या खराब वाहनों को 4 नवंबर से पहले हटाना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसा न करने पर वाहन क्रेन की मदद से हटाए जाएंगे और क्रेन शुल्क तथा जंक यार्ड में रखे जाने की अवधि का खर्चा वाहन मालिक से वसूला जाएगा। वाहन को किसी प्रकार की हानि होने की स्थिति में जिम्मेदारी भी वाहन मालिक की ही होगी।
उपमंडलाधिकारी हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष मेले के मैदान के स्वागत द्वार के दोनों ओर 10 से 20 मीटर के दायरे में दुकानें नहीं लगेंगी। साथ ही, 8 नवंबर से 30 नवंबर तक भारी वाहन खनेरी और बजीर बावड़ी क्षेत्र से बाहर पार्क किए जाएंगे।
ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था
-
लोडिंग-अनलोडिंग स्थान: चौधरी अड्डा
-
समय: रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक
-
-
ऑटो स्टैंड व्यवस्था: रामपुर की ओर आने वाले ऑटो कॉलेज गेट के साथ सवारियां उतारेंगे।
-
फील्ड हॉस्टल रोड पर किसी भी वाहन की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
-
वर्कशॉप रोड के पास यू-टर्न लेकर वाहन रामपुर दिशा में खड़े रहेंगे और वहीं से सवारियां बिठाई जाएंगी।
डीएसपी नरेश शर्मा ने बताया कि ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए टीम तैयार की गई है और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
एसडीएम ने कहा कि अधिकांश ट्रैफिक निरमंड उपमंडल के जगातखाना, ब्रौ और चाटी से होकर गुजरता है, इसलिए इन क्षेत्रों में भी व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम निरमंड और डीएसपी आनी के साथ बैठक होगी।
