एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जनशिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिले के निचार उपमंडल की ग्राम पंचायत तराण्डा के थाच नाले में बादल फटने से हुए नुकसान का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए प्रदेश सरकार की ओर से राहत मैन्युअल के अनुसार हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
जनजातीय विकास मंत्री नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है। राज्य के राहत मैन्युअल में संशोधन कर मुआवजे की राशि बढ़ाई गई है ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र और पर्याप्त राहत मिल सके।
राजस्व मंत्री ने जिला प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और लोक निर्माण विभाग को प्रभावित सड़कें बहाल रखने में कोताही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार कठिन समय में आम जनता के साथ है और हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
कैबिनेट मंत्री ने राजस्व विभाग को आपदा से प्रभावित बगीचों के नुकसान का आंकलन करने, जल शक्ति विभाग को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, विद्युत विभाग को बिजली बहाल रखने तथा वन विभाग को खतरा उत्पन्न करने वाले पेड़ों को काटने के निर्देश भी दिए।
इस मौके पर निचार उपमंडल के टापरी स्थित सीता राम फल आढ़ती ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 लाख रुपए का अंशदान राजस्व मंत्री के माध्यम से किया। उपमंडलाधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान, किनफेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी और निचार ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
