एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी लगातार दूसरे दिन निगुलसरी स्लाइडिंग पॉइंट पर डटे रहे और राष्ट्रीय उच्च मार्ग 05 की सड़क बहाली कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों, श्रमिकों और मशीनरी ऑपरेटरों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में, आपदा प्रभावित क्षेत्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और लोगों को त्वरित राहत प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विशेष रूप से यह भी उल्लेख किया कि किन्नौर जिले के किसानों की सेब की फसल को समय पर मंडियों तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है, और इसी उद्देश्य से बहाली कार्यों में तेजी लाई जा रही है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक किन्नौर अभिषेक शेखर, उपमंडलाधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान, और पुलिस उप अधीक्षक भावानगर राजकुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
