एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
एसजेवीएन फाउंडेशन के सौजन्य से सीएसआर नीति के तहत ग्राम पंचायत जगातखाना के चाटी में एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता परियोजना प्रमुख, रामपुर एचपीएस विकास मारवाह ने की।
इस स्वास्थ्य शिविर में सामान्य रोग, मेडिसिन, नेत्र रोग, दंत चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी के विशेषज्ञों द्वारा जगातखाना एवं आसपास की पंचायतों के कुल 410 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के उपरांत सभी जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ने कहा कि एसजेवीएन फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर रामपुर परियोजना से प्रभावित पंचायतों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर-द्वार पर मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना एवं उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
इस स्वास्थ्य शिविर में विधायक कुल्लू सदर एवं अध्यक्ष एलएडीसी कुल्लू सुंदर सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, परियोजना प्रमुख लुहरी परियोजना, जिला कुल्लू एवं निरमंड खंड के जनप्रतिनिधि, प्रभावित पंचायतों के प्रधान, तथा रामपुर एचपीएस एवं लुहरी परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
