शिमला। चौपाल स्थित पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के शताब्दी समारोह और एल्युमिनी मीट का आयोजन किया गया। वीरवार शाम को आयोजित समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनी और सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हुआ। शिक्षा मंत्री ने विद्यालय के 100 वर्ष पूर्ण होने पर विद्यालय परिवार, पूर्व विद्यार्थियों और स्थानीय जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय चौपाल क्षेत्र की शिक्षा का आधार स्तंभ रहा है और यहां से अनेक विद्यार्थियों ने राज्य व देश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को कौशल आधारित (Skill-based) और रोजगारोन्मुख (Employment-oriented) शिक्षा प्रदान करें, ताकि नई पीढ़ी आत्मनिर्भर और सक्षम बन सके। प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार द्वारा विद्यालय को आवश्यक सुविधाओं के विस्तार हेतु हर संभव सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्ष 1947 में हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर केवल 7 प्रतिशत थी, जो आज बढ़कर 99.30 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में लगभग 15,000 विद्यालय और 133 महाविद्यालय संचालित हैं, जिनमें हजारों विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें .. >> हिमाचल में मंत्रियों-विधायकों का वेतन बढ़ा; राजभवन से मंजूरी, अधिसूचना जल्द
चौपाल में शिक्षा के विकास के लिए ₹3 करोड़ स्वीकृत
शिक्षा मंत्री ने बताया कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के समग्र विकास के लिए 3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की सभी मांगों पर शीघ्र विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि बजट के अनुरूप कार्य किए जा सकें।
जो मांगें बड़ी वित्तीय आवश्यकता से जुड़ी हैं, उन्हें आगामी बजट में प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने विद्यालय की शताब्दी स्मारिका का विमोचन किया और विद्यालय के सभी एल्युमिनी सदस्यों को सम्मानित किया। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया, जहां हिमाचली लोक कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने शिक्षा मंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। विद्यालय के प्रधानाचार्य हरि राम शर्मा ने भी शिक्षा मंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यालय से संबंधित मांगें प्रस्तुत कीं। समारोह में फूड कमीशन अध्यक्ष डॉ. एस. पी. कत्याल, वरिष्ठ अतिरिक्त महाधिवक्ता आई. एन. मेहता, पूर्व मंडल अध्यक्ष जगदीश जिंटा, निदेशक लैंड मोर्टगेज बैंक देवेंद्र नेगी, उपाध्यक्ष नगर पंचायत चौपाल चंद्र मोहन ठाकुर, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी बी. एम. नन्टा, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष गिरीश ठाकुर, उप-प्रधानाचार्य सतपाल नेगी आदि मौजूद रहे।
