एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
रोहडू पुलिस की विशेष टीम ने नशे के कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए झुग्गी बस्ती समाला में दबिश देकर एक महिला तस्कर को 2.15 ग्राम चिट्टा और ₹10,600 नकद राशि सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके दौरान आरोपी महिला के पास से चिट्टा और नकदी बरामद की गई। जानकारी के अनुसार, पकड़ी गई महिला लंबे समय से क्षेत्र में चिट्टा तस्करी में संलिप्त थी और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
पुलिस थाना रोहडू में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उपमंडल रोहडू में नशा माफिया के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है, जिससे तस्करों के हौसले पस्त हो रहे हैं और उनका नेटवर्क कमजोर पड़ रहा है।
एसडीपीओ रोहडू प्रणव चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए आमजन से अपील की है कि वे समाधान का हिस्सा बनें और नशे की किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने में प्रभावी सहयोग मिल सके।
