एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। रोहडू उपमंडल के डिस्वानी गांव में बीती रात भीषण अग्निकांड हुआ जिसमें एक तीन मंजिला लकड़ी का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में मकान के 11 कमरे और एक हॉल नष्ट हो गया। प्रशासन के अनुसार, आग से लगभग ₹70 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
मकान महेंदर बुगवान के बागीचे में स्थित था और लकड़ी का बना हुआ था। इस मकान में नेपाली मजदूर रहते थे, जो घटना के समय बागीचे में घास काटने गए थे। वहीं, महेंदर बुगवान और उनका परिवार बच्चों की पढ़ाई के सिलसिले में रोहडू में किराए के मकान में रह रहा था।
जैसे ही गांव से किसी व्यक्ति ने फोन कर आग लगने की सूचना दी, परिवार तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हुआ। लेकिन जब तक वे पहुंचे, मकान पूरी तरह से जल चुका था।
दमकल की टीमें रोहडू और चिड़गांव से समय पर मौके पर पहुंचीं, लेकिन डिस्वानी-बडियारा सड़क की खराब हालत के कारण आग पर काबू पाने में देरी हुई।
परिवार पूरी तरह बेघर, प्रशासन ने दी फौरी राहत
अग्निकांड में महेंदर बुगवान, उनकी माँ बरजनी देवी और दो बेटे युग और सार्थक पूरी तरह बेघर हो गए हैं। एसडीएम रोहडू धर्मेश रमोत्रा ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को ₹30,000 नकद, एक तिरपाल, खाद्य सामग्री और रसोई के सभी आवश्यक बर्तन तत्काल राहत के रूप में प्रदान किए गए हैं।
एसडीपीओ रोहडू प्रणव चौहान और विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने भी घटनास्थल का दौरा कर परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
