एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रोहड़ू
शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल की गांवसारी पंचायत के गोसक्वाड़ी गांव में रविवार शाम अग्निकांड की घटना सामने आई। आग लगने से गांव निवासी देवीधर के रिहायशी मकान और सुरेंद्र के अनाज से भरे कुठार पूरी तरह जलकर राख हो गए। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है। राजस्व विभाग के अनुसार शाम के समय बगीचे में बने मकान और अनाज के कुठार में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते दोनों ढांचे जलकर खाक हो गए। स्थानीय लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वे मकान और कुठार को बचा नहीं सके।
अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। कुठार में भंडारित अनाज भी पूरी तरह जल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि मकान और कुठार गांव से दूर बगीचे में बने होने के कारण स्थानीय लोगों को घटनास्थल तक पहुंचने में देर लग गई, जिससे आग ने तेजी से दोनों संरचनाओं को अपनी चपेट में ले लिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि अग्निकांड से प्रभावित दोनों परिवारों को फौरी राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राहत मैनुअल के अनुसार प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
