एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टिक्कर के पास रमटेड़ी में हुई इस दुर्घटना में खारला स्कूल के मुख्य अध्यापक राजेश रेस्टा और उनकी पत्नी लीला की मौत हो गई। यह रोहड़ू टिक्कर सड़क हादसा शनिवार दोपहर लगभग 12:30 बजे हुआ, जब उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दंपती को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से निकालकर टिक्कर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राजेश रेस्टा (54) और उनकी पत्नी लीला (50) निवासी गांव रमटेड़ी, डाकघर धराड़ा, तहसील टिक्कर के रूप में हुई है। राजेश रेस्टा सरकारी उच्च विद्यालय खारला में मुख्य अध्यापक के पद पर तैनात थे, जिससे शिक्षा विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक रूप से माना जा रहा है कि वाहन का नियंत्रण अचानक बिगड़ने से कार खाई में जा गिरी, लेकिन वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होंगे।
