एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष और विजयादशमी के पावन अवसर पर झाकड़ी खंड द्वारा ज्यूरी में भव्य शस्त्र पूजन और पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्थानीय स्तर पर राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को जाग्रत करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में ज्यूरी पंचायत उप प्रधान अरुण शर्मा ने शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने की। शुभारंभ संघ के परंपरागत ध्वज प्रणाम और संघ प्रार्थना के साथ हुआ।
ज्यूरी के मेमोरियल मैदान में संपन्न शस्त्र पूजन में जिला संघचालक अनिल वर्मा और अरुण शर्मा ने धूप व पुष्प अर्पित कर परंपरागत पूजन किया। इस दौरान झाकड़ी खंड कार्यवाह ताजिंदर भंडारी ने सभी स्वयंसेवकों का परिचय करवाया।
मुख्य वक्ता प्रताप, सह जिला कार्यवाह, ने संघ की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा और उसके सामाजिक योगदान को रेखांकित करते हुए श्रोताओं को संघ के शताब्दी वर्ष में निर्धारित “पंच परिवर्तन” विषयों — कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी व आत्मनिर्भरता, तथा नागरिक कर्तव्य पर विस्तार से जानकारी दी।
शस्त्र पूजन के बाद स्वयंसेवकों ने घोष की धुन पर पथ संचलन किया, जो कोछड़ी, ज्यूरी बाजार होते हुए उनू महादेव तक निकला। कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। इस भव्य आयोजन में रामपुर जिला प्रचारक पवन कुमार, जिला बौद्धिक प्रमुख संजय जिंटु, अनेक वरिष्ठ स्वयंसेवक, नारी शक्ति एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी शामिल रहे।